Published on: 02 Mar 2026
*आईजीयू में संकल्प दिवस का आयोजन।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र एवं प्रबंधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “संकल्प दिवस” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रबंधन विभाग के विद्यार्थियों ने मुख्य रूप से सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जम्मू कश्मीर के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सामरिक महत्व से अवगत कराना तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई, जिसमें जम्मू कश्मीर में समय-समय पर हुए जनसंख्या परिवर्तन एवं उससे जुड़े राष्ट्रीय सरोकारों को रेखांकित किया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और इसकी एकता एवं अखंडता राष्ट्र के लिए सर्वोपरि है।
कार्यक्रम के दौरान यह उल्लेख किया गया कि 22 फरवरी 1994 को भारतीय संसद द्वारा सर्वसम्मति से एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें संपूर्ण जम्मू कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग घोषित करते हुए राष्ट्रीय संकल्प व्यक्त किया गया था। उसी ऐतिहासिक प्रस्ताव की स्मृति एवं राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के प्रतीक स्वरूप यह संकल्प दिवस आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डॉ. सुशांत यादव ने बताया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र, हरियाणा के सहयोग से जम्मू कश्मीर विषयक विभिन्न शोध, संगोष्ठियों एवं शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन करेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान एवं शैक्षणिक अनुसंधान के माध्यम से जम्मू कश्मीर और हरियाणा के बीच संबंधों को और सुदृढ़ किया जाएगा।
इस दिशा में डॉ. विवेक बालियान, सचिव, जम्मू कश्मीर अध्ययन केंद्र के सहयोग से विशेष कार्ययोजनाएं तैयार की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को शोध एवं अध्ययन के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और जम्मू कश्मीर के समग्र विकास हेतु अपना संकल्प दोहराया। यह आयोजन विश्वविद्यालय में राष्ट्रभावना एवं जागरूकता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।